ज्ञानपुर। विधानसभा में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए आठ ट्रांसफार्मर उच्चीकृत होंगे जबकि चार नए ट्रांसफार्मर लगेंगे। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र के प्रस्ताव को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने हरी झंडी देते हुए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी को पत्र लिखा।
ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने रविवार को लखनऊ में कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान ज्ञानपुर क्षेत्र के एक दर्जन ट्रांसफॉर्मरों को उच्चीकृत करने और नया लगाने का प्रस्ताव दिया। इस पर ऊर्जा मंत्री ने ट्रांसफॉर्मरों की समस्या का समाधान करने के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी को निर्देशित कर दिया। गर्मी बढ़ने के साथ ही जिले में बिजली की समस्या सिर उठाने लगी है। जर्जर तार-पोल और ट्रांसफार्मरों की कमी के अलावा अतिरिक्त लोड के चलते बिजली कटौती बढ़ गई है। इस समस्या के मद्देनजर विधायक ने समस्या से कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया। इस पर मंत्री ने बिहरोजपुर, बेरासपुर, चितईपुर, दरवांसी, बारीपुर के 63 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मरों को उच्चीकृत कर 100 केवीए करने और सोनैचा, धनतुलसी में 63 केवीए एवं केवलपुर में 25 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी को लिखा है।