वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रोन के 12 मार्च के काशी दौरे में आंशिक संशोधन किया गया है। प्रशासन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में बदलाव कर पीएमओ ने नए दिशा निर्देश जारी किए हैं। पूर्व में तय कार्यक्रम के मुताबिक दोनों शख्सीयतों को दरभंगा घाट स्थित ब्रजरामा पैलेस में लंच करना था। अब सुरक्षा कारणों एवं समय कम होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया है। लंच का कार्यक्रम अब नदेसर स्थित होटल दे गेटवे होटल गंगेज (ताज) में लंच करेंगे।
कार्यक्रम में और भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सूत्रों की मानें तो होटल से मैक्रोन बाबतपुर एयरपोर्ट रवाना हो जाएंगे, जबकि पीएम मोदी होटल से डीरेका चले जाएंगे। डीरेका में लोकार्पण, शिलान्यास कार्यक्रम एवं जनसभा करने के बाद वह शाम करीब साढ़े पांच बजे डीरेका से हेलीकाप्टर से बाबतपुर पहुंचेंगे और यहां से दिल्ली जाएंगे। यह भी बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के नौका विहार का कार्यक्रम अस्सी से दशाश्वमेध घाट से बढ़कर खिड़किया घाट तक हो सकता है।
हालांकि इस पर स्थानीय अफसर तैयार नहीं हैं। वह गंगा में ज्यादा दूर की यात्रा कराने के पक्ष में नहीं हैं। सुरक्षा कारणों के साथ ही उन्हें गंगा में गिरने वाले नालों को भी मैक्रोन और पीएम मोदी की नजर से दूर रखना है। अब तक के कार्यक्रम के मुताबिक दोनों नेता दिन में करीब ग्यारह बजे बाबतपुर से हेलीकाप्टर द्वारा दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल पहुंचेंगे। यहां से हेलीकाप्टर से डीरेका और फिर वहां से अस्सी घाट जाएंगे। यहां पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह नौका विहार कारते हुए दशाश्वमेध/शीतला घाट जाएंगे।