सरायमीर/बलरामपुर। सरायमीर थाना क्षेत्र के कुड़ियावा गांव के पास शुक्रवार की रात दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में एक बाइक पर सवार युवक की मौत हो गई। उसने बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहना था। वहीं शहर कोतवाली क्षेत्र के देवखरी गांव के पास अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से ऑटो में सवार तीन लोग घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। मनोज उर्फ मुन्ना (25) पुत्र मक्खनलाल सरायमीर थाना क्षेत्र के बखरा गांव का रहने वाला था। मां-बाप का इकलौता बेटा मनोज घर पर रहकर मजदूरी करता था। उसकी शादी हुई थी, लेकिन अभी उसके बच्चे नहीं थे। शुक्रवार की रात को वह बाजार से घर लौट रहा था। कुड़ियावां गांव के पास मनोज की बाइक में दूसरी बाइक की टक्कर लगने से वह घायल हो गया। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसी क्रम में कंधरापुर थाने के गयासपुर गांव निवासी चनरु का बेटा टिल्ठू (25) और जोगेंद्र (27), शहर कोतवाली के जोधी का पूरा गांव निवासी जावेद (25) पुत्र मो. रहमान सहित सात लोग ऑटो रिक्शा में बैठकर कहीं जा रहे थे। देवखरी गांव के पास आटो में अनियंत्रित ट्रक से टक्कर लगने से यह तीनों घायल हो गए। जबकि अन्य चार लोगों को मामूली चोटें आई। स्थानीय लोगों की मदद से इन तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।