वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज के छात्र अश्वनी पांडेय की पिटाई और आरोपियों की गिरफ्तारी तीन दिन बाद भी नहीं होने से नाराज छात्र और छात्रनेता कॉलेज का मेन गेट बंद कर धरने पर बैठ गए। छात्रों का कहना था कि कैंट पुलिस इस मामले में हीलाहवाली कर रही है। गेट बंद होने के कारण यूपी बोर्ड की परीक्षा देकर छूटे छात्र परिसर में कैद हो गए। वहीं दूसरी पाली के लिए भी विद्यार्थी पहुंच गए थे। विरोध प्रदर्शन की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बता दें तीन दिन पूर्व छात्रनेता अश्वनी पांडेय के ऊपर भोजूबीर में कुछ छात्रों ने जानलेवा हमला किया था। इसमें पीडि़त छात्र ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज छात्रसंघ अध्यक्ष नवीन सिंह के नेतृत्व में काफी संख्या में छात्र धरने पर बैठ गए। गुस्साए छात्रों ने मुख्य द्वार बंद कर दिया और धरना दिया। बोर्ड परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सीओ कैंट प्रशांत वर्मा ने छात्रों को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के अंदर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तब जाकर छात्र धरने से उठे। इसके बाद गेट खुला तब अंदर के छात्र बाहर निकले और दूसरी पाली के परीक्षार्थी अंदर प्रवेश किए। इस मौके पर अध्यक्ष नवीन सिंह, अविकल सिंह, कृष्णमूर्ति सिंह, सौमित्र रघुवंशी, प्रखर, अंकित और रिंकू सिंह मौजूृद रहे।