भदोही। भदोही रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने के लिए शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्टेशन अधीक्षक को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा। रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि स्टेशन पर एक और उपरिगामी पुल का निर्माण कराया जाना बेहद जरूरी है। इसके अलावा अन्य मांगों में डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम, शेड विस्तार, शौचालय, पेयजल और ट्रेनों का स्टापेज आदि शामिल हैं।
दोपहर 12 बजे एक दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता स्टेशन पहुंच गए। वहां स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह से कहा कि स्टेशन पर भोजनालय नहीं है। शौचालय बदतर स्थिति में हैं। व्यावसायिक राजधानी कानपुर के लिए ट्रेन नहीं है। पूर्वा जैसी प्रमुख ट्रेन का यहां स्टापेज नहीं है। स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के लिए कोई सूचक नहीं है। इससे यात्रियों को भारी दुश्वारी होती है। जयपुर के लिए सप्ताह में एक दिन ट्रेन को प्रतिदिन चलाए जाने की आवश्यकता है।
पीसीसी सदस्य, मुशीर इकबाल ने स्टेशन अधीक्षक को रेलमंत्री के नाम पत्रक सौंपते हुए कहा कि सात सौ मीटर लंबा प्लेटफार्म है। केवल एक उपरिगामी पुल समस्या का समाधान नहीं है। स्टेशन के मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही एक और पुल का निर्माण होना चाहिए। प्लेटफार्म संख्या दो पर टिन शेड का विस्तार भी होना आवश्यक हो गया है। लोगों ने कहा कि यदि एक माह के अंदर मांग के अनुरूप बदलाव नहीं दिखा धरना प्रदर्शन और रेल चक्का जाम करने से पीछे नहीं हटेंगे। कहा विश्व विख्यात कालीन नगरी के स्टेशन की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेंगे। ज्ञापन देने वालों में कमर मलिक, रविशंकर मिश्र, संजीव दूबे, काशीनाथ, मसूद आलम, प्रेमबहादुर उपाध्याय, स्वालेह अंसारी, करमचंद बिंद, निजामुद्दीन मंसूरी, अरशद मलिक, बद्री प्रसाद, सेख असलम, अतीक खां, खुर्शीद खां, फरीद कुरैशी, शेख अजहरुद्दीन, इश्तियाक अहमद जोगी, नूरआलम, आदि उपस्थित रहे।