वाराणसी। दशाश्वमेध थाना की देवकली गली काजीपुर कला निवासी रौजल उर्फ भयानक की हत्या के मामले में चौक थाने में नया चौक के बाबर, लल्लापुरा के जानू और अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई भयानक के पिता अब्दुल कय्यूम खां की तहरीर के आधार पर की गई है। फिलहाल बाबर और जानू का पता नहीं लग सका है। वहीं, मामले की तफ्तीश में जुटी चौक पुलिस भयानक के तीन साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
चौक थाना अंतर्गत हड़हा सराय मस्जिद के समीप स्थित कुएं के पास सोमवार की सुबह भयानक का शव बोरे में भर कर फेंका हुआ मिला था। भयानक के गले पर जख्म थे और उसके हाथ-पैर को रस्सी से बांध गया हुआ था। अब्दुल कय्यूम ने बताया कि तकरीबन एक हफ्ता पहले भयानक का बाबर, जानू और उसके साथियों से झगड़ा हुआ था। बाबर ने उस दौरान भयानक को देख लेने की धमकी थी। 20 जनवरी की शाम भयानक को साजिश के तहत घर से बुलाया गया और उसकी हत्या कर शव को बोरे में भर कर फेंक दिया गया। इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि भयानक के कुछ दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि जल्द ही हत्यारोपी हमारी गिरफ्त में होंगे।