वाराणसी। सेना भर्ती के तीसरे दिन मंगलवार को बलिया के युवकों ने रणबांकुरे स्टेडियम में खूब पसीना बहाया। 1600 मीटर की दौड़ में कुल 4143 युवकों ने भाग लिया लेकिन से सफल सिर्फ 362 हुए। पहली बाधा पार करने वाले ये युवक अब अगली शारीरिक और लिखित परीक्षा में भाग लेंगे। बुधवार को आजमगढ़ के युवकों की भर्ती होगी।
मंगलवार को हुई भर्ती के लिए बलिया जिले की बेल्थरा रोड, सिकंदरपुर, बांसडीह और बैरिया तहसील के 8727 युवकों ने रिजस्ट्रेशन कराया था। इनमें केवल 4655 युवक ही इसमें भाग लेने पहुंचे। 512 युवक मानक से कम लंबाई होने की वजह से दौड़ से पहले ही बाहर कर दिए गए। सुबह 6:45 बजे से शुरू हुई दौड़ में 4143 युवकों ने भाग लिया। एक बार में करीब तीन सौ लोेगों को दौड़ाया जा रहा था। 11:20 बजे तक चली दौड़ में 362 युवक सफल घोषित किए गए। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक क र्नल मनीष धवन ने बताया कि बुधवार को आजमगढ़ शहर और बूढ़नपुर व सगड़ी तहसील के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को अपने आधार कार्ड की मूल कापी, सभी प्रमाणपत्रों की मूल एवं फोटोकॉपी और अपनी 15 फोटो लाना अनिवार्य है। भर्ती में एसीएम चतुर्थ नीता यादव, एसीएम द्वितीय अंजनी सिंह और सीओ कैं ट राकेश नायक मौजूद थे।