वाराणसी। हर साल की तरह इस साल भी ईद मिलादुन्नबी(दो दिसंबर) की पूर्व संध्या पर एक दिसंबर को बेनियाबाग स्थित हड़हा मैदान से अकीदत के साथ जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस विभिन्न रास्तों से होता हुआ बेनियाबाग स्थित नवाब युसूफ के कुएं पर आकर समाप्त होगा। सोमवार को दालमंडी स्थित मुसाफिर खाने पर प्रेसवार्ता में मरकजी यौमुन्नबी कमेटी बनारस के अध्यक्ष शकील अहमद बबलू और जनरल सेकेट्री जियाउद्दीन अहमद खां ने यह जानकारी दी।
जुलूस के बारे में बताया कि तैयारियां शुरू हो गई है। एक दिसंबर को नमाज एशा के बाद बेनियाबाग से निकलकर सराय हड़हा, छत्तातले, नारियल बाजार, दालमंडी, नई सड़क, मस्जिद कारी साहब, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां मार्ग से होता हुआ नवाब यूसूफ के बेनियाबाग स्थित कुए पर पहुंचकर समाप्त होगा। इस दौरान नातिया मुकाबला शुरू होने से पहले हजरत मौलाना मुफ्ती मुहम्मद जकीउल्लाह असदुल कादरी जुलूस उठने से पहले तकरीर करेंगे। दालमंडी स्थित ताज होटल के पास इनामी अंजुमनों को इनाम दिया जाएगा। इस दौरान एडीएम सिटी, एसपी सिटी, सीओ दशाश्वमेध सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे।