वाराणसी। युवाओं को रिझाने के लिए खादी में भी अब कई आप्शन आ गए हैं। खादी के ऐसे उत्पाद बाजार में उतारने की तैयारी है, जिससे युवा अपने फैशन स्टेटस को अपडेट कर सकते हैं। कुर्ता-पायजामा और आकर्षक जैकेट के साथ जींस और टी शर्ट भी जल्द बाजार में नजर आएंगे। दुकानों के साथ ऑनलाइन स्टोर पर भी इनकी आकर्षक रेंज उपलब्ध होगी।
खादी और ग्रामोद्योग आयोग के निदेशक बलधारी सिंह ने बताया कि फैशन के दौर में अब खादी भी ब्रांडेड कंपनियों को टक्कर देने के लिए तैयार हो चुका है। जल्द ही बनारस के बाजार में खादी की जींस और टी शर्ट भी देखने को मिलेगी। इसे पहले ब्लू डेनिम, ब्राउन और ब्लैक रंग में उतारा जाएगा। उसके बाद स्थानीय स्तर पर इसका निर्माण शुरू होते ही मल्टी कलर में यह बाजार में उपलब्ध होंगे। खादी ग्रामोद्योग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। यह जींस खादी से निकलने वाले तकुए से बनी होगी। उन्होंने बताया कि खादी की टीशर्ट युवाओं के लिए बेहद खास है। लुक और फैशन के हिसाब से यह ट्रेंडी लुक में दिखेगी। यह रेंट पहले दुकानों में उतारी जाएगी। इसके बाद इसे ऑनलाइन बाजार में भी उपलब्ध उतारने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद खादी उद्योग में तेजी से उछाल आया है। इसी को देखते हुए जींस और टी शर्ट उतारने की योजना बनाई गई। खादी के रेडीमेड कपड़ों की डिमांड काफी बढ़ी है। कहा कि खादी पोशाक नहीं बल्कि एक सोच है। समय के अनुसार इसमें बदलाव जरूरी है।
लुभाएंगी फैशनेबल जूतों की रेंज
खादी और ग्रामोद्योग के निदेशक ने बताया कि पहली बार खादी के जूते हाथ से बनाए गए हैं। इन जूतों की खासियत यह है कि खादी से बने होने के साथ ये काफी आकर्षक भी हैं। चाहे टेनिस खेलने के लिए हो या जींस के साथ पहनने के लिए। कै जुअल शू अब खादी से तैयार किए जा रहे हैं। इन जूतों की कीमत एक हजार से दो हजार रुपये के बीच रखी गई है। प्रयास है कि जल्द से जल्द ये भी बनारस के बाजार में लोगों को आसानी से उपलब्ध हो सकें।