वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में रविवार को हुई एलएलबी प्रवेश परीक्षा का पेपर परीक्षा के दौरान ही आउट हो गया। समाज विज्ञान संकाय में परीक्षा दे रहे एक अभ्यर्थी ने करीब आधे घंटे बाद मोबाइल से पेपर की फोटो खींच कर उसे व्हाट्सएप के जरिये बाहर भेज दिया। इसकी जानकारी होने पर मौके पर सुरक्षाकर्मी पहुंचे लेकिन वह भाग गया। इस दौरान उसके पास से पेपर से फटे हुए पेज बरामद हुए, जो दो अन्य अभ्यर्थियों के थे। चीफ प्राक्टर उन दोनों अभ्यर्थियों को पकड़ कर सिगरा पुलिस को सौंप दिया।
एलएलबी समेत तीन पाठ्यक्रमों की दोबारा कराई गई प्रवेश परीक्षा में भी अराजकता का माहौल रहा। परीक्षा चल रही थी और परिसर में छात्रनेताओं का जमावड़ा लगा था। प्रशासनिक भवन चौराहे पर छात्रनेताओं और सुरक्षाकर्मियों में नोंकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। इसी बीच पर्चा आउट होने की खबर ने अव्यवस्था की पोल खोल दी। सामाजिक विज्ञान संकाय के कमरा नंबर तीन में सजोई निवासी अनिल पटेल परीक्षा दे रहा था। परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद वह अपनी और अपने दो साथियों की बुकलेट लेकर टॉयलेट चला गया। वहां से उसने अपने मोबाइल से तीनों बुकलेट की फोटो खींच कर व्हाट्सएप से बाहर भेजने लगा। सूचना पाकर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ाना चाहा लेकिन वह भागने में सफल रहा। कुलानुशासक प्रो. शंभूनाथ उपाध्याय ने बताया कि आरोपी परीक्षार्थी के दो साथियों महेशपुर निवासी ऋषभ जायसवाल और अजीत यादव को पकड़ कर सिगरा पुलिस को सौंप दिया गया है। साथ ही मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।