रामनगर । विश्व प्रसिद्ध श्रीरामलीला की तैयारी बुधवार को प्रथम गणेश पूजन के साथ शुरू हो गई । चौक स्थित पक्की पर प्रथम गणेश पूजा की गई। जनकपुर मंदिर के पुजारी पं लक्ष्मी नारायण पांडेय व्यास ने हनुमान जी और गणेश जी के मुखौटे को नए पीढ़ा पर रखकर रामचरितमानस की पोथी की पूजा की। रामलीला अधिकारी डा. जेपी पाठक ने पूजा कराई। कुंवर अनंत नारायण सिंह की देखरेख में चयनित पांच पात्र भगवान राम, जानकी, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न को तिलक लगाकर पुष्प माला पहनाया गया। अंत में पोथी गणेश और हनुमान की आरती की गई । आज से पांचों पात्र पोथी पढ़ने का शुभारंभ करेंगे ।अंत में कुंवर की ओर से प्रसाद का वितरण किया गया । इस मौके पर डा. जेपी पाठक, लक्ष्मी नारायण पांडेय, शांत नारायण पाण्डेय, ह्रदय नारायण पाण्डेय, रमेश पाण्डेय, पं संपत शर्मा, चन्द्रशेखर शर्मा समेत नगर के गणमान्य नागरिक व राजपरिवार से जुड़े कर्मचारी मौजूद थे ।
रामलीला के पांच स्वरूपों का हुआ चयन
रामनगर। कुंवर अनंत नारायण सिंह बाहर से आने के बाद आनन फानन में बुधवार को पूर्व किला के जवाहिर खाना में पांच प्रमुख स्वरूपों का चयन किया। स्वर परीक्षण मे एक दर्जन बालकों ने भाग लिया । प्रतिभागी चंदौली, चकिया, वाराणसी, मिर्जापुर और नारायनपुर से आए थे। अभिनय कौशल परखने के बाद भगवान राम की भूमिका के लिए चंदौली की सक्षम, जानकी के लिए वाराणसी के सचिन पांडेय, भरत के लिए मिर्जापुर के अवनीश पांडेय, लक्ष्मण के लिए वाराणसी के प्रांजल तिवारी, शत्रुधभन के लिए वाराणसी के शिवा पांडेय का चयन हुआ।