रोहनिया। आराजीलाइन विकासखंड के ग्रामसभा बैरवन के लोगों ने शुक्रवार को रेलवे लाइन अंडरपास व ट्रांसपोर्ट नगर के किसानों के जमीन पर नाम चढ़ाने को लेकर मतदान बहिष्कार का एलान किया। सूचना पर नायब तहसीलदार राजातालाब अरुण गिरी, राजस्व निरीक्षक रामेश्वर तिवारी, लेखपाल लक्ष्मण गिरी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को मनाने की कोशिश की। ग्रामीणों का कहना था कि उच्चाधिकारियों के आश्वासन पर ही मतदान करेंगे।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव में जाने के लिए रास्ता नहीं है। रेलवे लाइन डबल ट्रैक होने से महिलाओं व बच्चों को पार करने में काफी परेशानी हो रही है। बार-बार आश्वासन दिया जाता है लेकिन समस्या का समाधान नहीं होता है। जब तक अंडरपास नहीं बनाया जाएगा तब तक हम लोग मतदान नहीं करेंगे। नायब तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर समस्याओं का चुनाव बाद समाधान कराया जाएगा। ग्रामीणों ने लिखित पत्र नायब तहसीलदार को सौंपा। इस मौके पर मुख्य रूप से ग्राम प्रधान अमलेश पटेल, राधारमण मिश्रा, छेदी पटेल, मेवा पटेल, पाचू पटेल, प्रेम पटेल, सुरेंद्र पटेल, लालमणि देवी, बेला, सुखदेव कलावती आदि रहीं।