वाराणसी। लोकसभा चुनाव में खर्च के मामले में भाजपा प्रत्याशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल सबसे आगे हैं। नामांकन से लेकर पांच मई तक चुनाव प्रचार सहित अन्य मदों में भाजपा ने पांच लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय हैं, उनकी ओर से तीन लाख रुपये से ज्यादा खर्च का ब्योरा दिया गया है। गठबंधन की सपा प्रत्याशी शालिनी यादव ने पूरा ब्योरा प्रस्तुत नहीं किया है और इसके लिए समय मांगा है। उधर, खर्च का ब्योरा नहीं देने पर 15 प्रत्याशियों को नोटिस जारी किया गया है।
नामांकन से मतगणना के बीच लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों को तीन बार खर्च का ब्यौरा प्रेक्षक के समक्ष प्रस्तुत करना है। साथ ही प्रतिदिन के खर्च को रजिस्टर में भी दर्जकरना है। नामांकन के बाद पहले खर्च का ब्योरा पांच मई को प्रत्याशियों की ओर से प्रस्तुत किया गया। इसमें भाजपा प्रत्याशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव खर्च में पांच लाख रुपये से ज्यादा, कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय की ओर से तीन लाख रुपये से ज्यादा खर्च का ब्योरा दिया गया। सपा प्रत्याशी शालिनी यादव की ओर से एक लाख रुपये से ज्यादा का ब्योरा दिया गया, मगर पूर्ण विवरण के लिए तीन दिन का समय मांगा गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सतीश पाल ने बताया कि चुनाव खर्च का विवरण नहीं देने वाले 15 प्रत्याशियों को नोटिस जारी किया गया है।
चुनाव आयोग की ओर से आशीन, अमरेश मिश्रा, अनिल कुमार चौरसिया, आशुतोष कुमार पांडेय, अतीक अहमद, बृजेंद्र दत्त त्रिपाठी, चंद्रिका प्रसाद, हीना शाहिद, ईश्वर दयाल, मनोज आनंद राव पाटिल, राकेश प्रताप, शेख सिराज बाबा, सुनील कुमार, सुन्नम इस्तारी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के सुरेद्र राजभर को नोटिस जारी किया गया है।