वाराणसी/रामनगर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के भाई की बहू अमृता पांडेय बृहस्पतिवार को कांग्रेस की सदस्यता लेंगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के समक्ष आधा दर्जन अन्य लोग भी पार्टी की सदस्यता लेंगे।
चंदौली सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के भाई जितेंद्र पांडेय की बहू अमृता पांडेय सरोजा पैलेस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संवाद के दौरान पार्टी में विधिवत शामिल होंगी। हालांकि जितेंद्र पांडेय सामने घाट स्थित कॉलोनी में रहते हैं और डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय से अलग हैं। इनके अलावा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारी आनंद सिंह, स्वास्ति तिवारी, जयराम पांडेय, संजू बाला, विनिता शर्मा, काजल वर्मा और आम आदमी पार्टी से जुड़े पदाधिकारी भी कांग्रेस में शामिल होंगे। वहीं, सूत्रों की माने तो स्थानीय भाजपा संगठन के कम से कम पांच भाजपा सभासद प्रियंका के सामने कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इनमें से एक सभासद विशाल जायसवाल ने खुल कर सोशल मीडिया पर बयान जारी किया है। उनकी इस स्वीकारोक्ति के बाद स्थानीय संगठन में हलचल तेज हो गई है।