वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी दौरा ट्विटर सहित सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर छाया रहा। श्री काशी विश्वनाथ धाम के शिलान्यास के दौरान का प्रधानमंत्री का 18 सेकेंड का वीडियो ट्विटर पर 70,700 से अधिक लोगों ने देखा और 39,500 से ज्यादा लोगों ने लाइक किया। वहीं, दीनदयाल हस्तकला संकुल में दिए गए भाषण को ट्विटर पर 21 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा। प्रधानमंत्री ने 11:26 बजे शिलान्यास का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया हर-हर महादेव...। आज बाबा भोलेनाथ के आशीर्वाद से श्री काशी विश्वनाथ धाम के शिलान्यास का सौभाग्य प्राप्त हुआ है...। इसके बाद प्रधानमंत्री ने काशी दौरे की 10 तस्वीरें और तीन वीडियो ट्वीट किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के शिलान्यास संबंधी ट्वीट को रि-ट्वीट किया। वहीं, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उनकी तस्वीरों के साथ कई मेसेज ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए।