नोएडा/वाराणसी। तेज रफ्तार बेलगाम डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे इंजीनियर की मौत हो गई वहीं पीछे बैठी साथी इंजीनियर युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा रविवार देर रात सेक्टर-37 के पास महामाया फ्लाईओवर पर हुआ।
वाराणसी के शिवपुर निवासी मुकेश कुमार दिल्ली की एक कंपनी में इंजीनियर थे। उनके पिता कैलाश नाथ मौर्य बनारसी साड़ी के कारोबारी हैं। रविवार को मुकेश, अंजू व कंपनी के अन्य लोग दिल्ली में किसी पार्टी में गए थे। वहीं से अलग-अलग बाइक से सभी नोएडा लौट रहे थे। मुकेश और अंजू एक ही बाइक से थे। दोनों महामाया फ्लाईओवर पर से गुजर रहे थे, तभी एक तेज गति से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक से गिर कर मुकेश पोल से टकरा गया। हेलमेट न होने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।