वाराणसी। सबसे लंबे कज्जाकपुरा रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) को शासन ने हरी झंडी दे दी है। अनुमानित लागत 100.65 करोड़ रुपये को वित्तीय मंजूरी भी मिल गई है। अब सेतु निगम कार्य प्रारंभ करने की तैयारी में जुट गया है। यह आरओबी करीब सवा किलोमीटर लंबा होगा। इससे जीटी रोड पर लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी।
दो लेन का यह आरओबी भदऊ चुंगी से लेकर पुराने पुल तक बनेगा जो उत्तर रेलवे के अंडर पास के साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे के कज्जाकपुरा को क्रास करेगा। सेतु निगम के अलावा रेलवे को भी आरओबी निर्माण की जिम्मेदारी उठानी है, जिसके लिए पत्र लिखा जा चुका है। आम बजट में शामिल रेल बजट के पास होने पर आरओबी के प्रस्ताव को पिंक डायरी में दर्ज कर लिया जाएगा। इसके बाद रेलवे अपने हिस्से का कार्य शुरू करेगा। जाम से परेशान शहर में करीब तीन दशक से कज्जाकपुरा रेलवे ओवर ब्रिज की मांग उठ रही है। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक संतराज ने बताया कि जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इसके लिए रेलवे को भी पत्र लिखा जा चुका है। पिंक बुक में दर्ज होने के बाद रेल प्रशासन भी अपने हिस्से का काम शुरू कर देगा।