वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान विदेश मंत्रालय का अस्थाई कार्यालय मंडलायुक्त का आवास होगा। 17 जनवरी से आवास का पूरा परिसर विदेश मंत्रालय के अधीन हो जाएगा। यहीं से विदेश मंत्रालय के अधिकारी तैयारियों पर निगरानी के साथ ही अपने सारे काम काज करेगी। 18 जनवरी से वाराणसी में विदेश मंत्रालय के अधिकारी कैंप करेंगे।
काशी आतिथ्य के तहत चयनित मंडलायुक्त वाराणसी के आवास के लिए मेहमान तय कर दिए गए थे। मगर, आवास के लोकेशन को देखते हुए विदेश मंत्रालय इसे अपने अधीन रख लिया है। मंडलायुक्त का कैंप कार्यालय होने के चलते ऑफिशियल काम काज में भी अधिकारियों को सहूलियत होगी। इसके अलावा मंडलायुक्त कार्यालय से हस्तकला संकुल और टेंट सिटी की दूरी भी काफी कम है। ऐसे में विदेश मंत्रालय का अस्थाई कार्यालय आयोजन स्थलों की आसानी से निगरानी कर सकेगा। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि आवास के लोकेशन के चलते विदेश मंत्रालय ने अस्थाई कार्यालय के चयन किया है। गुरुवार से आवास में एक कमरा छोड़कर बाकी परिसर विदेश मंत्रालय को सौंप दिया जाएगा।
प्रवासी सम्मेलन की पहली मेहमान पहुंची वाराणसी
15 वें प्रवासी भारतीय दिवस में शामिल होने के लिए पहली प्रवासी मेहमान बुधवार को वाराणसी पहुंची। गुजरात मूल की सजन अरोड़ा यूके में रहती हैं। इनको होटल मदीन में ठहराया गया है। पूर्व में उनके आने की सूचना नहीं थी, जिस कारण अगवानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। हालांकि प्रवासी मेहमान ने इस पर नाराजगी जाहिर की, लेकिन जब एयरपोर्ट निदेशक और एसडीएम पिण्डरा को सूचना मिली तो दोनों अधिकारियों ने स्थिति को संभाला तथा उन्हें समझा बुझाकर टैक्सी से शहर भेजा।