वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार की सुबह गंगा स्नान और शाम के समय दीपदान के लिए घाटों पर कई महिलाओं की चेन उचक्कों ने उड़ा दी। इसी तरह कई लोगों ने जेब कटने की शिकायत की। भुक्तभोगियों ने इसकी शिकायत सुरक्षा में तैनात पुलिस से की लेकिन भीड़ का हवाला देकर उन्हें टरका दिया गया। इस दौरान चेन स्नेचिंग के आरोप में छह महिलाओं को दशाश्वमेध पुलिस ने हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की गई।
अस्सी घाट पर गंगा स्नान करने आई सुसुवाही की शांति बिष्ट के गले से सोने की चेन बदमाशों ने खींच ली। बंगलूरू निवासी बीएस मूर्ति की पत्नी वारालक्ष्मी के दशाश्वमेध घाट की ओर जाते समय उनके गले से सोने का मंगलसूत्र उचक्के खींच कर भाग निकले। हैदराबाद की विजयलक्ष्मी दशाश्वमेध घाट से गंगा स्नान कर सीढ़ियां चढ़ रहीं थी इस दौरान उनके गले से 50 ग्राम वजन की सोने की चेन किसी ने खींच ली। बिहार के भभुआ से आईं ममता सिंह और उनकी भतीजी अंकिता सिंह के गंगा स्नान के दौरान उचक्कों ने उनके गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र खींच लिया। कोलकाता से आईं शर्मिष्ठा बनर्जी, गाजीपुर से आईं कंचन जायसवाल, मध्य प्रदेश के हनुमना से आईं पूनम सिंह गहरवार और चंदौली की रचना मिश्रा के गले से भी उचक्के सोने की चेन खींच ले गए।