ज्ञानपुर। विभिन्न मांगों को लेकर तहसीलों में हड़ताल कर रहे लेखपाल संघ के पदाधिकारियों पर प्रशासनिक शिकंजा कसने लगा है। एडीएम राम सिंह वर्मा ने कार्रवाई के लिए तीनों एसडीएम को पत्र लिखा है। एडीएम ने कहा कि शासन के निर्देश के क्रम में पत्र जारी किया गया है। अगर वार्ता के बाद लेखपाल संघ के पदाधिकारी हड़ताल खत्म नहीं करेंगे तो उनका बस्ता तहसील में रखवाकर निलंबित किया जाएगा। उधर शनिवार को भी लेखपाल तहसील में धरने पर डंटे रहे। बताते चलें कि पिछले एक माह से अधिक समय से लेखपालों के हड़ताल से तहसील से लकर गांव स्तर तक के काम प्रभावित हो रहे हैं। प्रमाणपत्र बनवाने समेत नापजोख का काम भी प्रभावित हो रहा है। वहीं दूसरी ओर मांगों के समर्थन में लेखपालों ने शनिवार को भी तहसीलों में अपनी आवाज बुलंद की। मुख्यमंत्री की चेतावनी और प्रशासन की सख्ती के बाद भी हड़ताल कर रहे लेखपालों ने कहा कि उनकी मांगें जब तक पूरी नहीं होंगी वह चुप नहीं बैठेंगे।