वाराणसी। कहते हैं कि मन में कुछ कर गुजरने की चाहत हो तो हर मंजिल आसान हो जाती है। रास्ते में आने वाली बाधा भी दूर होती जाती है। जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा ग्रहण कराने के उद्देश्य से काम कर रही बीएचयू छात्रों की टीम ने ऐसा ही कार्य किया है। यहां छात्रों ने पहले लोगों से दान में नए-पुराने किताब मांगें अब उसकी एक लाइब्रेरी तैयार करा दी है।
महामना मैत्री मिशन के बैनर तले एमए समाज कार्य के छात्रों की ओर से पूर्व माध्यमिक विद्यालय छित्तूपुर बनवाई गई बाल पुस्तकालय का शुभारंभ आईआईटी बीएचयू केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रो. पीके मिश्रा ने बताया कि अपने लिए तो सब जीतें हैं लेकिन दूसरों की मदद करना ईश्वर सेवा का प्रमाण है। शिक्षा के क्षेत्र में अलग जगाने के लिए उन्होंने मिशन की पूरी टीम को बधाई दी। संस्था के कुणाल कुमार सिंहने बताया कि बाल पुस्तकालय में कथा, हिंदी व्याकरण, साहित्य के साथ ही सामान्य ज्ञान, गणित, विज्ञान, नैतिक शिक्षा आदि की पुस्तकें हैं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में नेहा दुबे, मृणालिनी, सुनिधि, पीयूष, मनोज, शैलेश, आनंद आदि मौजूद रहे।