सीतामढ़ी। धड़ल्ले से हो रहे अवैध बालू खनन को रोकने के लिए जिला प्रशासन अब सख्त रुख अपना रहा है। रविवार को अवैध खनन की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी विशाख जी और एसपी सचिंद्र पटेल ने भारी पुलिस बल के साथ डीघ क्षेत्र के दुगुना गंगा घाट पर छापेमारी की। इससे खनन में लगे मजदूरों में भगदड़ मच गई, जिससे कोई पकड़ा नहीं जा सका। डीएम ने अवैध खनन रोकने के लिए दुगुना घाट पर तीन सीसीटीवी कैमरे लगाने और चेक पोस्ट बनाने का निर्देश दिया। इससे पूर्व शनिवार को कूड़ी कला और पुरवां गांव में छापेमारी के दौरान 16 ट्रैक्टरों से सवा दो लाख जुर्माना वसूलने के साथ ही एक ट्रैक्टर को सीज किया गया था।
शासन के निर्देश पर टेंडर जारी होने के बाद जिले के पुरवां, कूड़ीकला गंगा घाट पर बालू खनन शुरू हो गया लेकिन कई अन्य घाटों पर धड़ल्ले से अवैध खनन भी किया जा रहा है। इस खेल में पुलिस की मिलीभगत भी मानी जा रही है। रविवार को प्रशासन को शिकायत मिली कि दुगुना गंगा घाट पर अवैध बालू खनन किया जा रहा है। इसके कुछ देर बाद डीएम और एसएसपी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इसकी भनक लगते ही खनन माफिया और मजदूर वहां से भाग गए, जिससे कुछ हाथ नहीं लगा। डीएम ने अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए दुगुना घाट पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने और चेक पोस्ट बनवाने का निर्देश दिया। साथ ही दूसरे घाटों को चिह्नित कर वहां कैमरे लगवाने के लिए कहा।
इसके पूर्व शनिवार को दोनों अधिकारियों ने कूड़ीकला और पुरवां गंगा घाट पर छापेमारी की थी। इस दौरान बालू से भरे 16 ट्रैक्टर पकड़े गए थे। खनन विभाग ने सवा दो लाख रुपये जुर्माना वसूलने के बाद इन ट्रैक्टरों को छोड़ दिया था जबकि एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया था। एसडीम ज्ञानपुर आशीष कुमार यादव ने कहा कि कहीं भी अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे लगने से खनन की पल-पल की रिपोर्ट मिलती रहेगी।