ज्ञानपुर। माघ मकरगत रवि जब होई, तीरथपतिहिं आव सब कोई...। मकर संक्रांति (खिचड़ी) के अवसर पर तीर्थराज प्रयाग में संगम स्नान का बहुत ही महत्व है। यही वजह है कि भदोही जिले के हजारों लोगों ने प्रयाग जाकर संगम में आस्था की डुबकी लगाने की तैयारी कर ली है। घरों में भी पर्व की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। बाजारों में जगह-जगह लाई-चिवड़ा और तिलकुट आदि की दुकानें सज गई हैं। वहीं, युवा और बच्चे पतंगबाजी में जुट गए हैं। गली मोहल्लों में भक्काटे का शोर गूंजने लगा है।
मकर संक्रांति पर हर वर्ष जिले के हजारों लोग संगम स्नान के लिए इलाहाबाद जाते हैं। इसके लिए घर-घर तैयारी चल रही हैं। मकर संक्रांति पर्व के निमित्त जिले में उत्साह बढ़ चला है। पतंगबाजी को लेकर हर तरफ भक्काटे का शोर गूंज रहा है। शनिवार को ज्ञानपुर नगर समेत आसपास के नगरों और कस्बों के आसमान पतंगों से पट गए थे। पतंगबाजी क।जनशौकीन बच्चे और युवा किसी की पतंग कटने पर भक्काटे का शोर मचाते। बाजार में पतंग की दुकानों पर बच्चों और युवाओं की सुबह से लेकर शाम तक भीड़ लगी रही। जिले के बाजार में पतंगें पांच रुपये से लेकर 20 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं। इसी तरह लाई-चिवड़ा और तिलकुट की दुकानों पर भी पूरे दिन खरीदारों की भीड़ लगी रही।