मधुबन। थाना क्षेत्र के बहरामपुर चट्टी के पास दोहरीघाट मधुबन मार्ग पर रविवार की देर शाम लगभग साढे आठ बजे किसी वाहन के धक्के से बाइक सवार चाचा भतीजे की मौत हो गई। दोनों अपाचे बाइक से रिश्तेदारी से दोहरीघाट से मर्यादपुर के पास अजगरा बारात में जा रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। घोसी कोतवाली क्षेत्र के चमरई गांव निवासी वीरेंद्र चौहान (25) पुत्र रामानंद दोहरीघाट निवासी अपनी बुआ के बेटे विक्रम की शादी में भाग लेने के लिए अपने भतीजे चंदन (21) पुत्र शंकर के साथ अपाचे बाइक से दोहरीघाट से चला। मधुबन से पहले ही बहरामपुर के पास पहु्ंचते ही किसी वाहन ने इनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। रित लगभग साढ़े आठ बजे उधर से गुजर रहे राहगीरों की नजर इन पर पड़ी। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चंदन की मौत हो चुकी थी। जबकि वीरेंद्र की सांसें अभी चल रही थीं। पुलिस उसे आनन फानन सीएचसी फतेहपुर मंडाव ले गई। वहां डॉक्टरों ने वीरेंद्र को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिवार वालों को दी। घटना की जानकारी पाकर परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाई।