कुसुम्हां। दोहरीघाट थाना स्थित कस्बा गुप्ता पेट्रोल पंप पर नाजिलमैन रमेश यादव ( 45) पुत्र शंभू नाथ यादव की शनिवार की रात में संदिग्ध हाल में मौत हो गई। रमेश बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र के लोहता गांव का निवासी था। शनिवार की रात 9 बजे पेट्रोल पंप से खाना खाने के लिए नई बाजार स्थित ढाबा पर चला गया। जब उसके आने में विलंब होने लगा तो पेट्रोल पंप मालिक राम अवध गुप्ता पता लगाते हुए नई बाजार पहुंचे तो सेल्समैन नई बाजार अंबेडकर मूर्ति के सामने सड़क के किनारे गिरा पड़ा था। उसे एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट पर लाया गया। वहां डॉक्टरों ने गंभीर देखते हुए आजमगढ़ सदर को रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पेट्रोल पंप मालिक ने मृतक के परिवार को सूचना देकर बुलवाया। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। एएसपी एसके श्रीवास्तव का कहना है कि पीएम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।