वाराणसी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम 10 हजार रुपये से ऊपर बकाएदारों पर सख्ती दिखाएगा। इसके लिए सोमवार की रात निगम के प्रबंध निदेशक अतुल निगम ने सूची तलब की। वाराणसी, इलाहाबाद, मिर्जापुर, आजमगढ़, गोरखपुर व बस्ती के अभियंताओं व एसडीओ के साथ देर शाम भिखारीपुर स्थित कार्यालय में हुई बैठक में राजस्व वसूली के लिए सख्त से सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया।
उन्होंने अभियंताओं से कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्या को स्थानीय स्तर पर सुनें और समाधान भी करें। एमडी ने चंदौली व धानापुर एसडीओ को अधिक शिकायतें व कम राजस्व वसूली पर चेतावनी दी। कहा लोगों की शिकायत यदि एमडी कार्यालय तक पहुंची तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एमडी ने 10 हजार रुपये से ऊपर के बड़े बकाएदारों की सूची तलब की है। मुख्य अभियंता व अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिया कि बड़े बकाएदारों से वसूली के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई करें। सौभाग्य योजना की समीक्षा की।