लखनऊ/वाराणसी। वाराणसी के नगर आयुक्त समेत अधिशासी अधिकारियों को शासन ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कई रिमाइंडर दिए जाने के बाद भी विकास कार्यों के लिए जारी धनराशि की उपयोगिता प्रमाण पत्र न देने पर सरकार की तरफ से यह कार्रवाई की गई है। नगर विकास विभाग ने ऐसे लापरवाह छह नगर निगमों के नगर आयुक्तों समेत कुल 568 नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निदेशक स्थानीय निकाय डॉ. अनिल कुमार सिंह ने सख्ती दिखाते हुए इन अधिकारियों को 15 दिन के भीतर व्यक्तिगत तौर पर उपस्थिति होकर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है। इस संदर्भ में नगर आयुक्त डा. नितिन बंसल का कहना है कि इस मामले में शासन ने उन्हें कोई दिशा-निर्देश नहीं मिला है। जो भी शासन का निर्देश होगा वह प्रमाणपत्र शासन को उपलब्ध करा दिया जाएगा।