वाराणसी। बीएचयू में शोध प्रवेश प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए छात्रों ने इसके विरोध में शुक्रवार को मार्च निकाला। बीएचयू सिंह द्वार से रविदास गेट तक निकाले गए मार्च के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन से इंटरव्यू का अंक करने और प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को बाध्य होंगे।
विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रनेता सुनील यादव की अगुवाई में निकाले मार्च में छात्रों ने छुपी वेटिंग लिस्ट का खुला खेल, अपने पास, पराये फेल और बीएचयू के द्रोणाचार्यों शर्म करो-एकलव्यों का अंगूठा काटना बंद करो जैसे नारे भी लगाए। यादव ने बताया कि जहां सरकार नौकरी में इंटरव्यू को कम करने के पक्ष में प्रयास कर रही है वहीं बीएचयू शोध प्रवेश परीक्षा में 70 नंबर का इंटरव्यू कराया जा रहा है, जो गलत है। कई बार आवाज उठाने के बाद अब तक नंबर कम नहीं किया गया, जिससे छात्रों में रोष हैं। मांग किया कि इंटरव्यू के नंबर को 10 नंबर के आसपास किया जाए। इस दौरान अनूप मिश्र, विनय, रविंद्र, दीपशिखा यादव, वंदना, रणधीर सिंह, भुवाल आदि लोग मौजूद रहे।