वाराणसी। शहर में सुगम यातायात के लिए स्मार्ट सिटी योजना के जंक्शन इंप्रूवमेंट प्लान के तहत चिह्नित चौराहों-तिराहों को व्यवस्थित करने की कवायद नगर निगम ने शुरू कर दी है। कई जगह गोलंबरों को छोटा करने तो कई जगह उसे खत्म करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम ने सिगरा-कैंट मार्ग के साजन तिराहे पर बने गोलंबर को ढहा दिया। गोलंबर हटते ही तिराहे की सड़कें अरसा बाद खुली दिखीं और पूरे दिन यहां जाम नहीं लगा।
नगर निगम तिराहे से साजन तिराहे के पास सब्जी मंडी तक शायद ही कोई दिन ऐसा हो जब जाम नहीं लगता लेकिन बुधवार को दोपहर बाद तिराहें की खुली सड़कों से वाहन सरपट गुजरते रहे और कहीं जाम नहीं लगा। दरअसल, यहां सड़कों की चौड़ाई की तुलना में गोलंबर इतना बड़ा बना दिया गया था कि उससे यातायात में सुगमता की जगह अवरोध पैदा होने लगा। स्मार्ट सिटी के तहत जो ट्रैफिक प्लान बनाया गया है, उसके तहत अब ऐसे तिराहे-चौराहे नए सिरे से व्यवस्थित किए जाएंगे। इंग्लिशिया लाइन, मैदागिन, आशापुर, पांडेयपुर पुलिस लाइन सहित 16 तिराहे-चौराहे ट्रैफिक के जंक्शन इंप्रूवमेंट प्लान के प्रथम चरण में शामिल किए गए हैं।
साजन तिराहे पर गोलंबर ढहाए जाने के बाद अब जल्द ही दूसरे तिराहे-चौराहों पर काम शुरू होगा। नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल का कहना है कि नागरिकों की सुविधाओं की देखते हुए चौराहों को छोटा-बड़ा किया जा सकता है। साथ ही, वहां सुव्यवस्थित ट्रैफिक के लिए अन्य जरूरी संसाधन और उपकरण के भी इंतजाम होंगे। बताया कि चिह्नित तिराहों-चौराहों पर वहां के ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए जरूरत के अनुरूप गोलंबर छोटा किया जाएगा या पूरी तरह हटा दिया जाएगा।
वरुणापुर, भेलूपुर और दशाश्वमेध जोन में हटाए अतिक्रमण, 41 दुकानदारों पर कार्रवाई
वाराणसी। स्वच्छता सर्वे 2018 के मद्देनजर शहर में विशेष सफाई अभियान के साथ ही अतिक्रमण के खिलाफ अभियान भी शुरू कर दिया गया है। बुधवार को नगर निगम की टीमें भेलूपुर, दशाश्वमेध और वरुणापार जोन में पहुंचीं। यहां सड़कों, पटरियों से अतिक्रमण हटाने के साथ ही गंदगी फैलाने वालों को चेतावनी दी गई। अतिक्रमण करने वाले 41 दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। दोबारा अतिक्रमण करने पर एफआईआर की चेतावनी दी गई। इस दौरान करीब डेढ़ सौ अवैध विज्ञापन-होर्डिंग हटाए गए। नगर आयुक्त ने बताया कि जल्द ही पूरे शहर में अभियान शुरू होगा। सभी जोनल अधिकारियों को इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।