वाराणसी। रेलवे के कैंसर अस्पताल का अधिग्रहण करने के बाद टाटा मेमोरियल कैंसर संस्थान इसे अपने अनुसार विकसित करने की योजना को साकार करने में जुट गया है। पहले चरण में इसे 100 बेड के अस्पताल के रूप में विकसित करेगा। रविवार को संस्थान की टीम भूमि पूजन के साथ इसका काम शुरू कराएगी। उम्मीद है कि फरवरी तक यहां मरीजों को इलाज की सुविधा मिलने लगेगी।
विकास कार्य शुरू कराने के लिए आई टाटा मेमोरियल की टीम कैंसर अस्पताल के मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर से संतुष्ट नहीं है। टीम के सदस्यों की मानें तो मौजूदा सुविधाओं में फेरबदल और जरूरी कार्य कराने के बाद 100 बेड का अस्पताल समय से शुरू कर पाना चुनौती होगी। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल तय समय से मरीजों के उपचार के लिए तैयार हो जाएगा। इसके बाद समय-समय पर इसके उन्नयन का काम होता रहेगा। अस्पताल विकसित होने के बाद पूर्वांचल के मरीजों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा।