वाराणसी। काशी में गंगा पार ज्ञान, भक्ति, वैराग्य की त्रिवेणी बहाने की तैयारी अंतिम चरण में है। भोले की नगरी में प्रख्यात संत मोरारी बापू की मानस मसान प्रसंग पर राम कथा 21 से 29 अक्तूबर तक चलेगी। मणिकर्णिका महाश्मशान तीर्थ के सामने गंगा पार सतुआ बाबा की गोशाला में संत कृपा सनातन संस्थान की ओर से कथा स्थल पर 60 फुट लंबे और 40 फुट चौड़े मंच पर भव्य व्यास पीठ बनाई जा रही है। जर्मन हैंगर तकनीक पर आधारित पंडाल का निर्माण भी किया जा रहा है।
मोरारी बापू की 800 वीं राम कथा होगी। प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी की जाएंगी। आयोजक मदन पालीवाल ने बताया कि बापू की कथा के हर शब्द में एक संदेश निहित होता है, जो आमजन को सदमार्ग के लिए प्रेरित करता है। कहा, हर किसी को एहसास होगा कि बापू श्मशान में मानस मसान कथा सुना रहे हैं। मंच पर काशी विश्वनाथ के मंदिर को चित्रित करने के साथ ही व्यासपीठ पर हनुमान जी और शिवलिंग की छवि भी उकेरी जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त भोजन
बापू की कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन संत कृपा सनातन संस्थान की ओर से नि:शुल्क भोजन, प्रसाद व पानी की व्यवस्था की जाएगी। आवासीय परिसर भी तैयार हो रहा है।
फिल्मी हस्तियां भी रहेंगी मौजूद
कथा के दौरान शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभिनेता मकरंद देशपांडे, पुनीत इस्सर सहित कई फिल्म अभिनेता मौजूद होंगे। राष्ट्रीय स्तर का कवि सम्मेलन आयोजित होगा।