फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर भारतवासी की मां है मोक्षदायिनी गंगा

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने शुक्रवार को पतित पावनी गंगा को अविरल-निर्मल बनाए रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने अस्सी घाट पर कहा कि गंगा हर भारतवासी की मां है। जीवनदायिनी गंगा पापों का नाशकर मोक्ष प्रदान करती है। ऐसी पावन धारा को निर्मल बनाए रखने के लिए हर जतन किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी अस्सी घाट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा की सेवा का संकल्प लिया था। उनके संकल्प को हर हाल में हम सब पूरा करें। पिछली सरकारों में गंगा की धारा कतिपय कारणों से बाधित हुई थी लेकिन अब समय आ गया है कि हम इस पावन धारा को प्रदूषण मुक्त बनाएं। वह सुबह-ए-बनारस के मंच स्थल पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि होमगार्ड्स की ओर से निकाली गई नमामि गंगे जागृति यात्रा के तहत उमड़े हुजूम को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन

दोपहर बाद करीब एक बजे अस्सी घाट पहुंचे बंसल का सैनिक कल्याण, होमगार्ड राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अनिल राजभर, डीजी (होमगार्ड्स) डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला के अलावा भाजपा के नेताओं ने स्वागत किया। इस दौरान सड़क की दोनों पटरियों पर खड़ी महिला होमगार्ड्स और स्काउट-गाइड्स ने पुष्पवर्षा की। घाट पर पहुंचने के बाद वह सीधे सुबह-ए-बनारस के यज्ञ मंडप में गए। वहां गंगा की अविरलता, निर्मलता के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुति दी। इसके बाद उन्होंने बजड़े पर सवार होकर आचमन किया।
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पीएम, सीएम के सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ रहे हैं। गंगा अविरल-निर्मल बहती रहे, यह संदेश लेकर होमगार्ड्स ने लखनऊ से रैली निकाली थी। पिछले 22 दिन से होमगार्ड्स दिन-रात गंगा निर्मलीकरण का संदेश लेकर शहर-शहर जा रहे हैं। हम जन-जन को इस अभियान से जोड़ने निकले हैं। नमामि गंगे जागृति यात्रा की शुरुआत इसीलिए की गई है कि लोग इस पावन धारा की रक्षा के प्रति जागरूक हों। यह संदेश हरिद्वार से बलिया तक पहुंचाया जाएगा। डीजी (होमगार्ड्स) सूर्य कुमार शुक्ला ने बताया कि इस यात्रा के जरिए लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, क्षेत्रीय संगठन मंत्री रत्नाकर, महामंडलेश्वर संतोष दास सतुआ बाबा समेत तमाम लोग उपस्थित थे। संचालन अंकिता खत्री ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें