वाराणसी। अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमले की घटना के बाद कांवर यात्रा को लेकर घोषित हाई अलर्ट के मद्देनजर गुरुवार को चौक से दशाश्वमेध घाट तक चप्पा-चप्पा खंगाला गया। चितरंजन पार्क में कांवरिया शिविर के समीप रखे गए दो दर्जन से ज्यादा गैस सिलेंडर देख एसपी सिटी ने खासी नाराजगी जताई। गोदौलिया-दशाश्वमेध घाट मार्ग पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन देख इंस्पेक्टर दशाश्वमेध को जमकर फटकारा। कहा कि पार्किंग स्थल के अलावा वाहन कहीं और दिखे तो इलाके के पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तय है।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह गुरुवार की दोपहर 12:30 बजे एटीएस के 20 कमांडो, बम निरोधक दस्ते, एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट, पुलिस के जवानों और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों को लेकर चौक से गोदौलिया की तरफ बढ़े। पटरी दुकानदारों को सड़क पर न आने की हिदायत दी। कहा कि सभी अपना परिचय पत्र अपने साथ जरूर रखें। बांसफाटक होते हुए पुलिस बल गोदौलिया पहुंचा। वहां से आगे बढ़कर चितरंजन पार्क में लगे कांवरिया शिविर में रखे गए गैस सिलेंडर हटवाए और कांवरिया शिविर की तलाशी कराई। इसके बाद पुलिस बल राजेंद्र प्रसाद घाट पहुंचा और वहां चेकिंग की गई। लगभग डेढ़ घंटे की चेकिंग के बाद एसपी सिटी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में लगे विभिन्न एजेंसियों के जवानोें को काशी विश्वनाथ मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों से रूबरू कराने के लिए चक्रमण किया गया। औचक निरीक्षण और चेकिंग सावन भर जारी रहेगी।