सकलडीहा। विकास खंड के चतुर्भुजपुर कस्बा में पिछले कई साल से स्टेशन मार्ग पर जल-जमाव होने से लोग परेशान हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने जल-जमाव की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। अंत में ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप रहा कि पिछले कई साल से सकलडीहा रेलवे स्टेशन मार्ग पर जल-जमाव होने से क्षेत्रीय लोगों को स्टेशन और बाजार आने-जाने में काफी दिक्कतें आती हैं। जल-जमाव से यहां गंदगी का साम्राज्य स्थापित हो गया है। गंदगी से क्षेत्रीय लोगों में संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका प्रबल हो गई है। इस समस्या को लेकर कई बार ग्रामीणों ने विरोध जताया, बावजूद इसके विभागीय अधिकारी सिर्फ खोखला आश्वासन देते चले आ रहे हैं। शुक्रवार की सुबह कई लोग गिरकर चोटिल हो गए जिसे लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने जल जमाव से निजात दिलाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के पश्चात ग्रामीण ब्लाक कार्यालय पहुंचकर बीडीओ से मिले और नाली निर्माण को लेकर ज्ञापन सौंपा। बीडीओ जगदीश त्रिपाठी ने उचित सहयोग करने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। इस मौके पर विरोध जताने वाले रुखसाद अंसारी, सूरज मिश्रा, राहुल राय, दीपक चौहान, गुंजन, विक्की, राजेश, गोलू, शिवशंकर, संतोष आदि ग्रामीण मौजूद रहे।