बिजली कटौती से हो रही पेरशानी
खलियारी(सोनभद्र)। यूपी सरकार का ग्रामीण इलाकों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा खोखला साबित हो रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बमुश्किल आठ घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इससे इस उमस भरी गर्मी में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि इसी तरह कटौती होती रही तो दूबेपुर सब स्टेशन पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीण उपभोक्ताओं को 18 से 20 घंटे बिजली देने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा अब अपने वादे पर खरी नहीं उतर रही है। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही भयंकर विद्युत कटौती ने लोगों को इस उमस भरी गर्मी में परेशान कर दिया है। खासकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को महज आठ घंटे ही बिजली मिल पा रही है। नगवां ब्लॉक के दुबेपुर विद्युत सब स्टेशन से खलियारी, पड़री, पनिकप, रायपुर, वैनी, गोटीबांध, नंदना, मड़पा, चरगड़ा, दरेेंव, सुअरसोत, तेनुआ, दरमा, नौडिहा, रूतुआ, आमडीह, गुरवल, सरईगढ़, सोनबरसा, कोहरवल, देवरी मय देवरा आदि गांवों में विद्युत की आपूर्ति की जाती है। उपभोक्ताओं का कहना है कि रात में 12 बजे से तीन बजे तक, सुबह छह बजे से नौ बजे तक और फिर नौ बजे से शाम छह बजे तक बिजली आपूर्ति होती है। इसमें भी कई बार बीच में बिजली आपूर्ति ठप होती रही है। जिससे आठ घंटे बिजली मिलना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्र के चरगड़ा प्रधान यूसूफ अली, रामप्रीत यादव, लालता यादव, जितेंद्र पासवान, दिलीप कुमार, अनिल कुमार मौर्य, अरूण कुमार जायसवाल, विग्गन प्रसाद, रामलाल जायसवाल, अमृत लाल यादव, अमरेश पांडेय, मंजू देवी, गुलाबी देवी, शंभू यादव आदि का कहना है कि नक्सल क्षेत्रों में रात में बिजली नहीं मिलने से काफी परेशानी होती है। उपभोक्ताओं ने चेताया है कि यदि आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो दुबेपुर सब स्टेशन पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।