जिले में मानसून की दस्तक का असर दिखने लगा है। रविवार को मानसून आने के अगले दिन सोमवार को दोपहर बाद तीन बजे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। झमाझम बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली है। हालांकि तापमान में कोई कमी नहीं दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि अभी तीन चार दिन तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा और हल्की से तेज बारिश भी होती रहेगी। आम तौर पर 15 से 20 जून के बीच आने वाला मानसून इस बार समय से पहले आ गया है। पूर्वांचल में इसकी सक्रियता भी अधिक है। सोमवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही जारी रही और नम हवा भी चलती रही। हालांकि दोपहर में धूप भी रही लेकिन बादलों के छाने की वजह से उसका असर भी कम रहा।
इस बीच दोपहर बाद शुरू बारिश रात तक रुक-रुककर होती रही। वाराणसी समेत आसपास के जिलों में सोमवार को बादल झूमकर बरसे। स्थानीय मौसम विभाग ने सोमवार को 17.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड किया है। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि मानसून की सक्रियता की वजह से अभी मंगलवार को भी तेज बारिश होगी। अब इस तरह का मौसम पूरे सप्ताह बने रहेगा।