वाराणसी। चौबेपुर थाना अंतर्गत बहादुरपुर निवासी अंतरजनपदीय बदमाश महेंद्र प्रताप गौतम को रामनगर पुलिस ने मंगलवार को राजघाट पुल से गिरफ्तार कर लिया। महेंद्र के पास से पुलिस ने एक लाख पच्चीस हजार रुपये, तमंचा और दो कारतूस बरामद कर उसे जेल भेज दिया। महेंद्र के खिलाफ वाराणसी, चंदौली और गाजीपुर जिले में चोरी, लूट सहित अन्य आरोपों में 11 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। महेंद्र की गिरफ्तारी को डीजीपी ओपी सिंह ने मंगलवार की प्रदेश भर की पुलिस की कार्रवाई में तीसरा स्थान दिया।
सीओ कोतवाली बृजनंदन राय ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि बीते आठ अप्रैल को पड़ाव चौराहे पर खड़े स्कूटर की डिकी का ताला तोड़ कर डेढ़ लाख रुपये चुरा लिया गया था। प्रकरण की तफ्तीश इंस्पेक्टर रामनगर अनूप शुक्ला कर रहे थे। इंस्पेक्टर रामनगर को मंगलवार को सूचना मिली कि वारदात से संबंधित आरोपी राजघाट पुल मोड़ पर खड़ा है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर रामनगर ने एसआई कश्यप कुमार सिंह व अरुण प्रताप सिंह की टीम के साथ घेरेबंदी कर महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस महेंद्र को लेकर उसके घर में संचालित होने वाली मोटर पार्ट्स की दुकान में पहुंची। महेंद्र ने पुलिस को सवा लाख रुपये सौंप कर बताया कि चुराए गए डेढ़ लाख में से 25 हजार खर्च हो गए हैं। महेंद्र के अनुसार वो आसपास के जनपदों में आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर सामान्य तरीके से अपने घर पर रहने लगता था।