वाराणसी। लहरतारा-चौकाघाट फ्लाईओवर में अब स्टील बीम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 17 सौ मीटर लंबे फ्लाईओवर में 133 स्टील गार्डर लगाया जाएगा। बजट जारी होने के बाद सेतु निगम ने स्टील बीम के लिए आर्डर भेज दिया है। माना जा रहा है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक यह गार्डर वाराणसी पहुंच जाएगा और मई में लगना शुरू हो जाएगा। इसके पहले सीमेंट और कंक्रीट के काम को पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
मई 2018 में फ्लाईओवर हादसे के बाद 50 फीसदी कंक्रीट के बीम हटाकर स्टील बीम जोड़े जाने का निर्णय किया गया था। इसके लिए डीपीआर में बदलाव कर सेतु निगम मुख्यालय ने सैद्धांतिक मंजूरी दी थी। नई रणनीति के तहत फ्लाईओवर में स्टील बीम के लिए 20 करोड़ से ज्यादा की धनराशि आवंटित कर दी गई है। यहां बता दें कि संशोधित बजट में 171 करोड़ रुपये की धनराशि फ्लाईओवर निर्माण में जारी किया गया है। परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि शासन स्तर से बजट जारी हो गया है और मई से स्टील बीम लगाने का काम शुरू किया जाएगा। दिसंबर 2019 तक फ्लाईओवर के काम को पूरा कर लिया जाएगा।