वाराणसी। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर 30 मार्च को वाराणसी में रोड शो करेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कलेक्ट्रेट से रविदास गेट तक रोड शो की अनुमति मांगी है। प्रशासन की ओर से अनुमति पत्र का परीक्षण कर रोड शो के मानकों को पूरा करने के लिए आवेदकों को अवगत करा दिया गया है। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रोड शो के मानक पूरे होने पर सशर्त अनुमति दी जाएगी।
सहारनपुर जातीय हिंसा के आरोपी भीम आर्मी के संस्थापक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। बुधवार को भीम आर्मी की ओर से जिलाधिकारी को पत्र भेजकर रोड शो की अनुमति मांगने के बाद उनके चुनाव लड़ने की अटकलों को बल मिलने लगा है। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेेंगे, मगर विपक्षी दलों की ओर से अब तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि चंद्रशेखर को विपक्ष संयुक्त प्रत्याशी घोषित कर सकता है या उन्हें समर्थन दे सकता है। यहां बता दें कि पिछले दिनों कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मेरठ में उनसे मुलाकात की थी। हालांकि उस वक्त चंद्रशेखर अस्पताल में भर्ती थे और उनकी प्रियंका गांधी से बंद कमरे में मुलाकात हुई थी। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में उनके वाराणसी सीट पर उतरने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उधर, चंद्रशेखर ने बताया कि फिलहाल किसी भी पार्टी से प्रत्याशी बनने की बजाय भीम आर्मी के नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरूंगा। 30 मार्च को रोड शो से पहले मैं वाराणसी पहुंच जाऊंगा और संत रविदास व कबीर दास की जन्मस्थली से आशीर्वाद लेकर अपने अभियान की शुरुआत करूंगा।