वाराणसी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और चंदौली के सांसद डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी पर उनके पति राबर्ट वाड्रा के साथ ईडी दफ्तर पहुंचने को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यूपी प्रभारी पति धर्म की जगह भ्रष्टाचार के संरक्षण का धर्म निभा रहीं हैं। ऐसे लोग समाज का क्या भला करेंगे। राबर्ट वाड्रा की जांच को लेकर कांग्रेस के आरोप पर बोले कि यह जांच केंद्र और हरियाणा सरकार में कई वर्षों से चल रही है।
गुरुवार को वाराणसी पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल के हालात पर कहा कि भाजपा के खिलाफ खड़े दल लोकतंत्र को खोखला कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पास केवल पुराने दफ्तर बचे हैं। सपा और बसपा का साथ न हो तो कांग्रेस खड़ी नहीं हो सकती। इस बार हम उनसे अमेठी और रायबरेली की सीट भी ले लेंगे।
उत्तर प्रदेश के बजट को विकास में सहायक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट पिछले साल से 12 प्रतिशत अधिक का है। इसमें विश्वनाथ कारीडोर, अयोध्या, गोवंश और अन्य क्षेत्रों में कई सारी योजनाओं के लिए मद दिया गया है। इस बार का बजट किसानों के लिए विशेष लाभकारी होगा।