वाराणसी। क्राइम मीटिंग में मंगलवार देर रात लचर कार्यशैली को लेकर रामनगर, भेलूपुर, चौक, दशाश्वमेध, जंसा और रोहनिया थाने के थानेदार को एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने जमकर फटकर लगाई। दो टूक कहा कि कार्यशैली में सुधार लाएं और अपराधियों के सत्यापन में लापरवाही न बरतेें। साथ ही टॉप फाइव और टॉप 10 अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रिपोर्ट भेजें।
एसएसपी ने कहा कि आईजीआरएस के तहत आए प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए। प्रार्थना पत्रों की जांच के बाद थानेदार आवेदक से फीडबैक लेकर पुलिस की कार्यशैली की रिपोर्ट भेजें। थानों की साफ सफाई और वाहनों के डिस्पोजल के मामले को थानेदार गंभीरता से लें। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के मद्देनजर सड़क किनारे स्थित सभी थानोें और चौकियों की साजसज्जा के काम में कोताही न बरती जाए। रात्रिकालीन गश्त में विशेष सतर्कता और गंभीरता बरती जाए। विवेचना में लापरवाही न बरती जाए, थानेदारों के साथ ही क्षेत्राधिकारी इसका विशेष ध्यान रखें। इस दौरान एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण मार्तंड प्रताप सिंह, एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद और सभी सीओ व थानेदार मौजूद रहे।