वाराणसी। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने अपने उपभोक्ताओं के लिए कई नई योजनाआें की शुरुआत की है। वह उत्तर प्रदेश (पूर्व) परिमंडल में बीएसएनएल उपभोक्ताओं को सस्ती कॉल दरें और सुविधाएं दे रहा है। बीएसएनएल के महाप्रबंधक केपी सिंह ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि निगम ने धनलक्ष्मी योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत बीएसएनएल सेवाओं के बिल के भुगतान पर 18 अक्तूबर से सात नवंबर तक विशेष छूट दी जा रही है।
बताया कि सभी सेवाओं के वर्तमान बिल भुगतान पर एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। वहीं इंटरप्राइज बिजनेस के तहत बिल भुगतान पर दो प्रतिशत की छूट दी जा रही है। वहीं बीएसएनएल सेवा के पांच महीने तक के अग्रिम बिल के भुगतान पर तीन प्रतिशत की छूट है। जीएम ने बताया कि प्री पेड सेवा में इंटरनेशनल रोमिंग की सुविधा 15 देशों में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि देश की पहली इंटरनेट टेलीफोन सेवा विंग्स भी शुरू की जा रही है, जिसमें कि बिना सिम के कॉल की सुविधा भी रहेगी। बीएसएनएल मोबाइल पोस्टपेड प्लान 399 और उससे अधिक प्लान के उपभोक्ता और लैंडलाइन ब्रॉडबैंड के 745 प्लान और उससे अधिक प्लान के उपभोक्ताओं को अमेजन प्राइम की सुविधा एक साल तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दी जा रही है।