ज्ञानपुर। जिले की सड़कों पर दौड़ रहे खटारा वाहन आने वाले समय में नजर नहीं आएंगे। शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग 15 साल पुराने दो पहिया, चार पहिया एव बड़े वाहनों का पंजीयन निरस्त करेगा। 15 अगस्त के बाद पखवारे भर अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। सभी लोग अपनी व्यवस्था के अनुसार दुपहिया, चार पहिया का उपयोग करते हैं। व्यापारिक दृष्टिकोण से भी इसका संचालन किया जाता है लेकिन एक निर्धारित समय के बाद वाहन जर्जर हो जाते हैं। जिससे उनसे निकलने वाला धुआं पर्यावरण को प्रदूषित करता है। तमाम कवायद के बाद भी संचालक खटारा वाहनों का संचालन बंद नहीं करता। शासन ने इस पर सख्ती बरतते हुए अब 15 साल की पुराने वाहनों के पंजीयन को निरस्त करने का निर्देश दिया। परिवहन विभाग के आंकड़ो पर गौर किया जाए तो जिले में 21 हजार 798 दुपहिया, चार पहिया और बड़े वाहन 15 साल पुराने हैं। ऐसे में इन वाहनों का पंजीयन निरस्त हो जाएगा। उप संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येंद्र यादव ने कहा कि 15 अगस्त के बाद अभियान चलाकर इसे अमल में लाया जाएगा। खटारा वाहन सड़कों पर चलते मिलेंगे तो कार्रवाई की जाएगी।