प्लाट और फ्लैट दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मथुरा के चुरमुरा फरह स्थित फर्म मेसर्स कल्पतरु ग्रुप के प्रबंधक जय कृष्ण सिंह राणा और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कैंट थाने में शुक्रवार को धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई जंसा थाना के परमानंदपुर निवासी राजेश वर्मा की तहरीर पर एसपी क्राइम के आदेश से की गई है।
शिकायतकर्ता राजेश वर्मा के अनुसार बीते एक साल से मिंट हाउस स्थित पीसीएफ प्लाजा में कल्पतरु ग्रुप का कार्यालय खुला था। प्रबंधक जय कृष्ण सिंह राणा ने प्लाट और फ्लैट खरीदने के इच्छुक लोगों से संपर्क करने के लिए एजेंट रखे थे। राजेश के अनुसार वह खुद भी एजेंट के तौर पर काम कर रहा था। एजेंटों के माध्यम से ग्राहक सेट कर जिले के अलग-अलग स्थान में प्लाट और फ्लैट दिलाने की बात कह कर दर्जनों ग्राहकों से करोड़ों रुपये ऐंठे। इसके बाद जय कृष्ण सिंह राणा और उसके कर्मचारी मिंट हाउस स्थित कार्यालय बंद कर गायब हो गए। मामले की शिकायत एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद से की गई तो उन्होंने जांच कराई। जांच में मामला सही निकला तो उन्होंने धोखाधड़ी, अमानत में खयानत सहित अन्य आरोपों में कैंट इंस्पेक्टर को मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का निर्देश दिया।