वाराणसी। पहले पुलिस कप्तान और फिर एसएसपी रॉ के नाम पर धौंस जमा रहे शख्स को शनिवार की रात पुलिस ने चौक क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी की शिनाख्त चंदौली निवासी धर्मेंद्र कुमार पांडेय के तौर पर हुई है। धर्मेंद्र के पास से रॉ एसएसपी का फर्जी परिचय पत्र बरामद किया गया है। देर रात तक सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां धर्मेंद्र से पूछताछ में जुटी हुई थीं। धर्मेंद्र के पास से बरामद एसएसपी रॉ (यह पोस्ट ही नहीं होती) के नाम से फर्जी परिचय पत्र को शीर्ष स्तर की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने भी गंभीरता से लिया है।
चौक थाना अंतर्गत पियरी क्षेत्र में शनिवार की रात विवाद हो रहा था। एक पक्ष की ओर से पहुंचे धर्मेंद्र पांडेय ने खुद को एसएसपी बताते हुए धौंस जमाई। सूचना पाकर पुलिस आई तो खुद को एसएसपी रॉ बताकर परिचय पत्र दिखाया। इस संबंध में सीओ दशाश्वमेध स्नेहा तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पियरी पहुंची। पूछताछ की गई तो धौंस जमा रहे शख्स ने गलती स्वीकार करते हुए खुद को चंदौली निवासी धर्मेंद्र कुमार पांडेय बताया।
धर्मेंद्र से पूछताछ कर उसके अन्य करीबियों के बारे में भी सुरागकशी की जा रही है। सीओ दशाश्वमेध ने बताया कि धर्मेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी, छल, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा।