रोहनिया। बच्छाव बाजार में रविवार की देर रात संदिग्ध हाल में बाइक सवार बलवंत राव (32) की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठा ककरमत्ता निवासी सोनू (30) बाल-बाल बच गया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और दुर्घटना में मौत होना बताया। परिजनों का आरोप है कि बलवंत के सिर में गोली मार कर उसकी हत्या की गई है।
भिखारीपुर निवासी समाचार पत्र विक्रेता बल्लू राम गौतम ने बताया कि रविवार की रात बलवंत के दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे। बलवंत सब्जी की दुकान लगाने के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का काम करता था। सोमवार की सुबह पुलिस से सूचना मिली कि बलवंत की मौत हो गई है। बल्लू राम गौतम ने कहा कि यदि उनके बेटे की हादसे में मौत हुई है तो बाइक पर पीछे बैठे युवक को खरोंच तक क्यों नहीं आई। कहा कि बेटे के सिर पर गोली मार कर हत्या कर दी गई है और रोहनिया पुलिस पूरे मामले में लीपापोती करने में जुटी हुई है। पुलिस ने यदि सही कार्रवाई नहीं की तो उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई जाएगी। इस संबंध में इंस्पेक्टर रोहनिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया यही प्रतीत हुआ है कि सड़क हादसे में मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, हरिश्चंद्र घाट पर बलवंत के अंतिम संस्कार के दौरान कई समाचार पत्र विक्रेता मौजूद रहे।