सुरियावां/वहिदानगर। आजमगढ़ में एडीएम प्रशासन की ओर से बीडीओ मोहम्मदपुर के साथ की गई अभद्रता से नाराज डीघ, अभोली और सुरियावां के ब्लॉक कर्मियों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। सुरियावां में काली पट्टी बांधकर जहां कर्मचारियों ने काम किया, वहीं डीघ में सांकेतिक प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया गया।
सुरियावां ब्लॉक कार्यालय में बीडीओ ऊषा पाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कामकाज किया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में जो घटना हुई है, वह निंदनीय है। किसी उच्चाधिकारी को चेतावनी या कार्रवाई करनी चाहिए न कि गाली-गलौज करनी चाहिए। इस मौके पर कृपाशंकर दुबे, ग्राम प्रधान शंकर मिश्रा, प्रदीप पांडेय, आशीष सिंह, छोटू, भोला, धीरज सिंह आदि रहे। वहिदानगर संवाददाता के अनुसार, प्रादेशिक विकास सेवा संगठन के आह्वान पर डीघ ब्लॉक के कर्मचारियों ने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। बीडीओ डीघ आजम अली ने कहा कि आजमगढ़ की घटना ठीक नहीं है। उन्होंने मांग की कि जब तक एडीएम के खिलाफ विधिक एवं विभागीय कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रखेंगे। कहा कि दो से चार अप्रैल तक सांकेतिक विरोध, चार से छह अप्रैल तक कार्य बहिष्कार और सात अप्रैल को बेमियादी हड़ताल की जाएगी। इस मौके पर एडीओ अजय पांडेय, विनय शुक्ल, विनय श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, अखिलेश कुमार, रेहान कलीम, राजेंद्र प्रसाद सरोज, तीर्थराज दूबे, धर्मेंद्र पांडेय, दिनेश कुमार झा, सेवालाल, जावेद, ममता सिंह, अंतिमा आदि रहे। अभोली बीडीओ राज बहादुर यादव के नेतृत्व में भी आजमगढ़ की घटना को लेकर कर्मचारियों ने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।