वाराणसी। रामनगर स्थित मायके से अस्सी घाट पर पति से मिलने की बात कहकर निकली विवाहिता के लापता होने के मामले का गुरुवार को भेलूपुर पुलिस ने खुलासा किया। विवाहिता अपने पति नहीं प्रेमी के साथ थी। इसके साथ ही थाने पर घंटों हुई पंचायत के बाद विवाहिता को उसके पति ने साथ रखने से इंकार कर दिया। पंचायत के दौरान ही विवाहिता के पति की तबीयत खराब हुई तो उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
रामनगर थाने पर मंगलवार को विवाहिता के मायके वालों ने सूचना दी थी कि उनकी बेटी की उसके पति ने मायके से बुलाकर उसकी हत्या कर दी और शव गायब कर दिया। भेलूपुर पुलिस ने विवाहिता के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि अस्सी घाट पर मुलाकात के बाद उसने अपनी पत्नी को लंका स्थित मालवीय प्रतिमा के समीप छोड़ा था। पूछताछ जारी ही थी कि गुरुवार को पुलिस को विवाहिता के मायके वालों ने फोन किया कि वो घर आ गई है।
इंस्पेक्टर भेलूपुर अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि विवाहिता से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पति ने मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। होश आया तो टेंपो से किसी तरह वह मायके पहुंची। विवाहिता को घर तक पहुंचाने वाले टेंपो चालक की खोजबीन कर पूछताछ की गई तो मामला कुछ और ही निकला। ऑटो चालक ने बताया कि उसने कैंट स्टेशन पर विवाहिता और एक पुरुष को बैठाया था। वह पुरुष रामनगर पुल पर उतर गया और विवाहिता को उसके घर तक पहुंचाने के लिए कहा। विवाहिता जैसे ही मायके वालों को देखी तो बेहोश होने का नाटक करने लगी। विवाहिता के पति को जब पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई तो उसने कहा कि अब वो दोनों साथ नहीं रहेंगे।