गोपीगंज। नगर के मुख्य चौराहा पर स्थित खोवा-पनीर की दुकान में बृहस्पतिवार को गैस सिलेंडर में रिसाव के चलते आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखे आधा दर्जन सिलेंडर धू-धू कर जलने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। आसपास के घरोें लोग बाहर भागने लगे। आग बुझाने के चक्कर में पड़ोसी युवक गोकुल गुप्ता (18) झुलस गया।
शाम करीब चार बजे अचानक गैस रिसाव होने के चलते ओम प्रकाश की दुकान में आग लग गई। आग लगने की खबर पूरे नगर में फैल गई। सैकड़ों की संख्या में लोग चौराहे पर इकट्ठा होकर मकान में लगी आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। आधे घंटे तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बताते हैं कि ओमप्रकाश की आग ने दुकान में रखे आधा दर्जन सिलेंडर में आग पकड़ लिया। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। नागरिकों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, मगर सफल नहीं हो सके। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की सूचना पर गोपीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा भी मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस के जवानों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया। गौरतलब है कि गोपीगंज नगर का जीटी रोड चौराहा काफी भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है। यदि कोई सिलेंडर फट जाता तो बड़ा हादसा हो जाता। फायर बिग्रेड कर्मियों की सक्रियता से बड़ा हादसा होने टल गया। आग बुझने के बाद आस-पास के दुकानदारों और निवासियों ने राहत की सांस ली।