वाराणसी। अनुशासनहीनता के आरोप में काशी विद्यापीठ ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी को अपर शिक्षा निदेशक बेसिक ने निलंबित कर दिया है। उन्हें लखनऊ से संबद्ध करने के साथ ही उप शिक्षा निदेशक (शिविर) को जांच सौंप दी गई है।
काशी विद्यापीठ ब्लॉक के बीईओ विनोद कुमार यादव पर आरोप है कि वे बिना सूचना के अनुपस्थित थे। उनके खिलाफ ड्यूटी के दौरान मादक पदार्थों के सेवन करने और शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने का भी आरोप था। शिकायत पर मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक को जांच सौंपी गई थी। प्राथमिक जांच में उन पर लगे आरोप सही पाए गए। अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कीर्ति गौतम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर लखनऊ से संबद्ध कर दिया है। साथ ही इस पूरे मामले की जांच के लिए उप शिक्षा निदेशक शिविर को जांच अधिकारी नामित किया है। जांच अधिकारी को जल्द से जल्द जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।